BREAKING

बिहार सावधान! 1 दिसंबर से कड़ाके की ठंड, सीतामढ़ी, गोपालगंज… 6 जिलों में गिरेगा तापमान

बिहार। में सर्द पछुआ हवा के कारण कनकनी बढ़ गई है। अब 1 दिसंबर से पहला दमदार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिससे पश्चिमी और उत्तरी जिलों में तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। इससे शीतलहर और कोल्ड डे जैसी स्थिति बन सकती है। बीते 24 घंटों में कैमूर का अधौरा 8.3 डिग्री C के साथ सबसे ठंडा रहा।

बिहार। में पिछले कई दिनों से चल रही सर्द पछुआ हवाओं की वजह से तापमान लगातार नीचे जा रहा है। सूरज ढलते ही लोगों को कनकनी महसूस हो रही है। लेकिन अब मौसम में और बड़ा बदलाव होने वाला है। इस बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसे इस सीजन का पहला दमदार सिस्टम माना जा रहा है। इसके प्रभाव से बिहार के अधिकांश इलाकों में मौसम अचानक करवट लेगा। तेज ठंड और शीतलहर जैसी स्थिति बनने की संभावना है। इसका मतलब यह हुआ कि आने वाले दिनों में ठिठुरन और ज्यादा बढ़ सकती है। कोल्ड डे और कोल्ड वेव जैसी स्थिति भी बन सकती है।

कब से दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर 


बिहार। मौसम सेवा केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार संभावित पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 1 दिसम्बर से पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज और सीवान जैसे कई जिलों के तापमान में गिरावट होने की संभावना है। इससे ठंड में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। इधर, आईएमडी ने भी अपने पूर्वानुमान में बताया है कि दिसंबर के शुरुआती दिनों से ही ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है। तापमान के लुढ़कने की पूरी संभावना है।

आज कैसा रहेगा का मौसम का मिजाज 


आज यानी शनिवार को सुबह की शुरुआत कोहरे से लिपटी हुई है। पटना, पूर्णिया, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी जैसे जिलों में मध्यम से तेज कोहरा छाया हुआ है। खेतों में ओस जमी हुई है। शुक्रवार को भी कोहरे का असर देखने को मिला था। इसीलिए सबसे कम विजिबिलिटी पूर्णिया में 500 मीटर दर्ज की गई। दिन के समय अधिकांश भागों में धुंधला आसमान के साथ शुष्क मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है। अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 26-30°C के बीच बने रहने का पूर्वानुमान है। दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पूर्वी जिलों में न्यूनतम तापमान 10-12°C एवं राज्य के दूसरे भागों में 12-15°C के बीच रहने की संभावना है। इसके साथ ही दिनभर अधिकांश भागों में मध्यम से तेज गति (40 किमी/घंटा तक) की पछुआ हवा चलने की संभावना है। लोगों को कनकनी का एहसास होता रहेगा।

एक नजर पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम पर 


बिहार। में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिला है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस अररिया के फारबिसगंज में रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा मोतिहारी, मधेपुरा, किशनगंज और पूर्णिया जैसे जिलों में भी तापमान 30 डिग्री के आसपास रहा। दूसरी ओर, गया, कैमूर, नालंदा और मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री के बीच रहा।

न्यूनतम तापमान की बात करें तो रात का मौसम कई जगहों पर कड़ाके का रहा। कैमूर जिले के भभुआ स्थित अधोरा प्रखंड में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पूरे बिहार में सबसे कम है। इसके अलावा रोहतास, गया, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण में भी रात का तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रहा. उत्तरी बिहार के जिलों जैसे सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, कटिहार और अररिया जैसे जिलों में में न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री के आसपास रहा