BREAKING

सीतामढ़ी: डुमरा रोड में दोबारा सीमांकन, विरोध के बाद निगम ने बदली रणनीति

सीतामढ़ी। में अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत नगर निगम ने सीमांकन कार्य को तेज कर दिया है। मेहसौल चौक से कारगिल चौक तक दोबारा सीमांकन कराया गया है। नगर निगम ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अवैध कब्जा हटा लें, ताकि भविष्य में कार्रवाई से बचा जा…

सीतामढ़ी। डुमरा रोड में अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर जारी विवाद के बीच बुधवार को नगर निगम ने सीमांकन कार्य तेज कर दिया। स्थानीय विरोध के बाद निगम प्रशासन ने रणनीति बदलते हुए मेहसौल चौक से कारगिल चौक तक दोबारा सीमांकन कराया। इस कार्य में नगर निगम के अमीन व अधिकारियों के साथ रीगा और डुमरा अंचल के अमीन भी मौके पर मौजूद रहे। सड़क सीमा की स्पष्ट पहचान के लिए विशेष अमीन द्वाराअमानत कर मापी की गई। नगर निगम के प्रतिनियुक्त नोडल अधिकारी ने बताया कि जिन स्थानों पर पहले सीमांकन को लेकर विरोध हुआ था, वहां दोबारा मापी कराई गई है।

जहां-जहां लोग आपत्ति जता रहे थे, वहां विशेष अमीन के माध्यम से दोबारा अमानत कर सीमांकन कराया गया, ताकि किसी तरह का भ्रम न रहे, उन्होंने कहा। अधिकारियों के अनुसार, सीमांकन की पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी के साथ की जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और भविष्य में किसी तरह का विवाद न हो। नोडल अधिकारी ने यह भी बताया कि कुछ लोग सीमांकन के निशान मिटाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वीडियोग्राफी और रिकॉर्डिंग के कारण वास्तविक सीमांकन सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि सीमांकन कार्य पूरा होने के बाद वीडियो रिकॉर्डिंग में दर्ज सीमाओं के आधार पर ही अतिक्रमण के विरुद्ध विधिवत अभियान चलाया जाएगा। निगम प्रशासन ने साफ किया कि कार्रवाई बिना सीमांकन के नहीं होगी और सभी नियमों का पालन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बीते दिन पूर्व में किए गए सीमांकन को लेकर स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया था। विरोध इतना बढ़ गया था कि अतिक्रमण हटाओ दल को ब्रेक लेना पड़ा और उस दिन कार्रवाई रोकनी पड़ी थी। लोगों का आरोप था कि सीमांकन ठीक ढंग से नहीं किया गया है और कुछ जगहों पर पक्षपात हुआ है। इसी पृष्ठभूमि में बुधवार को दोबारा सीमांकन कराया गया। स्वेच्छा से अवैध कब्जा हटा लें, कार्रवाई से बचें: नगर निगम ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से अपील की है कि सीमांकन के बाद वे स्वेच्छा से अवैध कब्जा हटा लें, ताकि बाद में बुलडोजर कार्रवाई की नौबत न आए और लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। प्रशासन का कहना है कि डुमरा रोड पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए यह कदम जरुरी है। निगम प्रशासन ने संकेत दिया है कि सीमांकन कार्य पूरा होते ही जल्द ही अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरु किया जाएगा। अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि दोबारा किए गए सीमांकन के बाद विरोध थमता है या फिर कार्रवाई के दौरान फिर से असंतोष सामने आता है।