Thu. Sep 11th, 2025

त्योहारों के मौसम में बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को अब जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी। राज्य सरकार ने यात्रियों के लिए बस किराए में विशेष छूट देने का फैसला किया है। सरकार का मानना है कि इस पहल से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि त्योहारी सीजन में घर लौटने वालों की संख्या भी बढ़ेगी।

त्योहारों पर बस किराए में विशेष छूट की सुविधा।

त्योहारी सीजन में बिहार सरकार ने बड़ी सौगात दी है। दशहरा, दीपावली, छठ व होली पर बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को बस किराए में विशेष छूट दी जाएगी। इसके लिए सरकार ने 24.06 करोड़ रुपये स्वीकृति दी है।

सरकार का उद्देश्य यात्रियों को आर्थिक राहत देना।

दशहरा, दीपावली, छठ और होली पर दूसरे राज्यों से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों और कामगारों की सुविधा के लिए त्योहारी सीजन में अंतर्राज्यीय बस परिचालन पर विशेष छूट देने के लिए 24 करोड़ 06 लाख 36 हजार रुपये की स्वीकृति दी है। इसकी जानकारी बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी।

बिहार आने-जाने वालों के लिए यात्रा होगी और भी आसान।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा साल 2025-26 में दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और होली के अवसर पर लोक-निजी भागीदारी यानि पीपीपी मॉडल के तहत चलने वाली डीलक्स Non-AC, डीलक्स AC और डीलक्स स्लीपर AC बसों के किराए में राहत दी जाएगी। इसके लिए 24 करोड़ 06 लाख 36 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है।

सार्वजनिक परिवहन का लगातार विस्तार

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में सार्वजनिक परिवहन का लगातार विस्तार किया जा रहा है। डबल इंजन वाली एनडीए सरकार बिहार और बिहार के बाहर रहने वाले लोगों की सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है। इस कड़ी में हाल ही में रेलवे ने दीपावली और छठ पर 12 हजार स्पेशल ट्रेन सेवा के संचालन का निर्णय लिया है। अब बिहार सरकार ने अंतर्राज्यीय बस परिचालन पर विशेष छूट देने के लिए 24 करोड़ 06 लाख 36 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।