Mon. Aug 4th, 2025

पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त शनिवार 2 अगस्त को जारी की जाएगी। बिहार के 74 लाख किसानों के खाते में पैसा आएगा। केंद्र सरकार ने इस योजना के लाभार्थियों के लिए रजिस्…

चुनावी साल में केंद्र सरकार ने बिहार के किसानों को राहत दी है। फार्मर रजिस्ट्री नहीं करा पाने वाले किसानों को भी पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त की राशि मिलेगी। इसका फायदा राज्य के 74 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा। अभी राज्य में फार्मर रजिस्ट्री कराने वाले किसानों की संख्या सिर्फ चार लाख है। केंद्र सरकार ने फिलहाल यह शर्त हटा दी है। राज्य के 74 लाख से अधिक किसानों के खाते में शनिवार (2 अगस्त) को सम्मान निधि के रूप में दो-दो हजार रुपये आ जाएंगे।

वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राशि हस्तांतरित करते ही सम्मान निधि की 20वीं किस्त की राशि लाभार्थियों को मिल जाएगी। पटना के बापू सभागार में भी शनिवरा को राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहेंगे। यहां राज्य के करीब 5000 किसानों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

पीएम किसान योजना की 19वीं किस्त राज्य के करीब 76 लाख 37 हजार लोगों के खाते में गई थी। तभी से फार्मर रजिस्ट्री कराने पर जोर दिया जा रहा था। पीएम किसान सम्मान निधि वाले किसानों की आईडी प्राथमिकता के तौर पर बनाई जा रही थी। लेकिन, अभी तक सिर्फ चार लाख किसानों की ही आईडी बन पाई है। यदि इस बार रजिस्ट्री को अनिवार्य किया जाता तो 70 लाख से अधिक किसान सम्मान निधि से वंचित हो जाते। इसलिए चुनावी वर्ष में इसे अनिवार्य नहीं किया गया है। वैसे, ई केवाईसी नहीं कराने और आयकर के दायरे में आने वाले किसानों की राशि रुक सकती है।