Site icon SITAMARHI LIVE

बिहार बना देश का सर्वाधिक महिला पुलिसकर्मियों वाला प्रदेश

बिहार में किसी भी प्रदेश के मुकाबले पुलिस बल में महिलाओं का प्रतिनिधित्व सबसे ज्यादा है। पुलिस में महिलाओं के प्रतिशत प्रतिनिधित्व में बिहार सभी राज्यों से आगे है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पुलिस मुख्यालय ने आंकड़ा जारी करते हुए यह दावा किया।

प्रतिनिधित्व 26.8 प्रतिशत

बिहार पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक फिलहाल पुलिस में सिपाही रैंक में कुल 69883 बल कार्यरत है। इनमें महिला सिपाहियों की संख्या 18744 है। यह कुल कार्यरत सिपाहियों का 26.8 प्रतिशत है। हालांकि एएसआई रैंक में महिलाओं का प्रतिशत सिपाहियों के मुकाबले कम है। इसकी प्रमुख वजह एएसआई का प्रोन्नति वाला पद होना है। अभी राज्य में 6431 एएसआई हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या 225 है। यह कुल कार्यरत एएसआई का 3.5 प्रतिशत है।

10130 में 1637 महिला एसआई

बिहार पुलिस में वर्तमान में 10130 सब-इंस्पेक्टर कार्यरत हैं। इनमें 1637 महिलाएं हैं। प्रतिशत के हिसाब से देखा जाए तो यह 16.2 है। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक महिला थानाध्यक्ष का प्रतिशत वर्ष 2021 में 3.9 था जो बढ़कर वर्तमान में 4.6 प्रतिशत हो गया है।

Exit mobile version