कांग्रेस बिहार में भी भारत जोड़ो यात्रा शुरू करेगी। बांका के मंदार पर्वत से 28 दिसम्बर को शुरू होने वाली यह यात्रा 1023 किलोमीटर के सफर के बाद बोधगया में समाप्त होगी। इस यात्रा के क्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पार्टी के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता भी शामिल हो सकते हैं। रविवार को बिहार दौरे पर आए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह ने इसकी घोषणा की।

रविवार को सदाकत आश्रम में दोनों नेताओं ने बिहार भर के कांग्रेसी नेताओं के साथ मंथन किया। बैठक के बाद जयराम रमेश ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कश्मीर से कन्याकुमारी तक चल रही है। अब तक पांच राज्यों से होकर गुजरी यह यात्रा 55 फीसदी पूरी हो चुकी है। अभी महाराष्ट्र में यात्रा जारी है। लेकिन जिन राज्यों से यह यात्रा नहीं गुजरेगी, वैसे राज्य में प्रदेश इकाई की ओर से भारत जोड़ो यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है।

ओड़िशा, असम, त्रिपुरा के बाद बिहार में 28 दिसम्बर से यह यात्रा 17 जिलों से होकर गुजरेगी। बाकी 21 जिलों में भी अलग से भारत जोड़ो यात्रा निकलेगी और लोग मूल यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा अधिकतम 60 दिनों तक चलेगी। इसमें मूल यात्री 100 लोग होंगे जो बांका से बोधगया तक चलेंगे।

बिहार के पदयात्रा का कार्यक्रम
बांका-भागलपुर-नवगछिया-खगड़िया-बेगूसराय-समस्तीपुर-दरभंगा-मधुबनी-सीतामढ़ी-शिवहर-मुजफ्फरपुर-वैशाली-पटना-आरा-बक्सर-कैमूर-सासाराम-औरंगाबाद-गया- बोधगया।

Team.