एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है. तीसरे राउंड की गिनती में ही उन्होंने राष्ट्रपति बनने के लिए जरूरी 50 फीसदी वोट पा लिये हैं. उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को बड़े अंतर से हरा दिया है. अभी एक राउंड वोटों की गिनती बची है, लेकिन यह सिर्फ औपचारिकता मात्र है.

कुल तीनों राउंड की बात करें तो कुल वोट 3219 थे. इनकी वैल्यू 8,38,839 थी. इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 2161 वोट (वैल्यू 5,77,777) मिले. वहीं यशवंत सिन्हा को 1058 वोट (वैल्यू 2,61,062) मिले.

राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल ने दी बधाई
विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने भी द्रौपदी मुर्मू को जीतने पर बधाई दी है. राहुल गांधी ने लिखा कि देश का 15वां राष्ट्रपति बनने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई. वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने लिखा कि देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर आदरणीय द्रौपदी मुर्मू को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है. उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति चुनाव में प्रभावी जीत दर्ज करने के लिए श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई. वे गांव, गरीब, वंचितों के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़ियों में भी लोक कल्याण के लिए सक्रिय रहीं हैं.आज वे उनके बीच से निकल कर सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुँची हैं.यह भारतीय लोकतंत्र की ताक़त का प्रमाण है.