सर्दियां आ चुकी हैं। कुछ समय बाद देश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। हालांकि कुछ लोगों को ये मौसम काफी पसंद होता है, लेकिन बाइक चलाने वालों की तो जैसे शामत ही आ जाती है। बाइक चलाने के शौकीन लोग इस समस्या से तो जरूर ही वाकिफ होंगे। ठंड में बाइक चलाना बेहद ही कठिन काम होता है। 

सर्दी के मौसम में बाइक चलाते समय ठंडी हवा शरीर और आंखों दोनों पर सामने से पड़ती है। हालांकि आंखों को बचाने के हम फिर भी हेलमेट या मफलर का इस्तेमाल कर लेते हैं। लेकिन शरीर के बचाव के लिए हमारे पास बहुत ज्यादा विकल्प नहीं होता।

हम आपको आज ऐसा ही एक तरीका बताने वाले हैं, जिसे अपना कर आप बाइक चलाते वक्त लगने वाली ठंड और ठंडी हवा के प्रभाव को काफी हद तक कम कर सकते हैं। इसके लिए आपको कुछ ज्यादा पैसे खर्च नहीं करने हैं, मात्र 2 से 5 रुपये में ही आप ठंड से बचने का जुगाड़ ढूंढ सकते हैं। ये उपाय आपके राइडिंग सफर को ठंड से राहत देने का काम करेगा। 

बाइक चलाते समय आप ठंड से बचने के लिए स्वेटर, जैकेट या कुछ गरम कपड़े तो जरूर ही पहनते होंगे। हम सब जानते है कि कपड़ों से तो हवा आर-पार होती है। ठंडी हवाओं को रोकने के लिए आप न्यूज पेपर का इस्तेमाल कर सकते हैं। जो आसानी से 2-5 रुपये में ही मिल जाता है। इसे इस्तेमाल करने के लिए आप पेपर को पहने हुए कपड़े के अंदर आगे की तरफ लगाएं। इससे हवा आर- पार नहीं होगी। जिससे आपको कम ठंड महसूस होगी। सिर्फ 2-5 रुपए में ही बिना कोई झंझट के आप आसानी से बाइक चला सकेंगे।