सरकार की नीतियों के खिलाफ श्रमिक संगठनों ने भारत बंद बुलाया है। दो दिनों के भारत बंद के चलते सोमवार और मंगलवार को बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा कोयला, इस्पात, तेल, दूरसंचार, डाक, आयकर, तांबा और बीमा सेक्टर्स के श्रमिक संघों ने भी बंद का आह्वान किया है। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस के अनुसार हड़ताल में औपचारिक और अनौपचारिक दोनों क्षेत्रों के 20 करोड़ से अधिक श्रमिकों की भागीदारी की उम्मीद है। आइए जानते हैं, भारत बंद का हर अपडेट…

दिल्ली, हरियाणा से लेकर दक्षिण भारत तक में असर, बैंकों में आंशिक हड़ताल
एटक की नेता अमरजीत कौर ने कहा कि इस हड़ताल को झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कोयला खनन क्षेत्रों के अलावा असम, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, बिहार, पंजाब, राजस्थान, गोवा और ओडिशा के औद्योगिक क्षेत्रों से भी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बैंकों एवं बीमा क्षेत्र की सेवाएं भी हड़ताल की वजह से प्रभावित हुई हैं। वहीं स्टील एवं तेल क्षेत्रों पर इसका आंशिक असर देखा जा रहा है। इस हड़ताल ने बैंकों के कामकाज पर भी असर डाला है। हालांकि यह असर आंशिक रूप से ही देखा जा रहा है क्योंकि बैंक कर्मचारी संगठनों का एक हिस्सा ही इस हड़ताल का साथ दे रहा है।

बंगाल, केरल समेत कई राज्यों में भारत बंद का बड़ा असर
कर्मचारियों, किसानों और आम लोगों पर प्रतिकूल असर डालने वाली सरकार की कथित गलत नीतियों के विरोध में केंद्रीय श्रमिक संगठनों की दो दिवसीय राष्ट्रीय हड़ताल सोमवार को शुरू हो गई। अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) की महासचिव अमरजीत कौर ने कहा कि केंद्रीय श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चे की तरफ से बुलाई गई दो दिनों की राष्ट्रीय हड़ताल शुरू हो गई है।

आंध्र प्रदेश में भी सड़कों पर उतरे लोग, बैंकों के निजीकरण का विरोध
बैंकों के निजीकरण समेत कई मुद्दों पर श्रमिक संगठनों ने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में किया जोरदार प्रदर्शन। लेफ्ट मजदूर संगठनों ने दो दिन के भारत बंद का किया है आह्वान।