शहर का रेडलाइट एरिया अब तक खराब चीजों के लिए चर्चाओं में रहता रहा है, लेकिन अब छवि बदलने की दिशा में वहां की महिलाओं ने काम शुरू कर दिया है। उनके इस अच्छे काम को उद्योग विभाग ने भी सराहा है। इस वोकल फार लोकल अभियान को उद्योग विभाग गति देगा। यहां महिलाएं एक समूह में दुकान से बचे कपड़े लाकर लेडिज रेडीमेड वस्त्र तैयार कर रही हैं। अब उद्योग विभाग रेडिमेड क्लस्टर बनाकर उनको समाज की मुख्यधारा से जोड़ेगा। इससे उन्हें रोजगार का अवसर मिलेगा।

उद्योग विभाग के जिला महाप्रबंधक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने जौहरा गली मेें जाकर वहां संचालित महिलाओं के समूह से संवाद किया। उनके काम को देखा। जोहरा संर्वद्धन स्वयं सहायता समूह में 12 महिलाएं शामिल हैं। समूह की अध्यक्ष अमरूल निशां, सचिव शमीमा खातून व कोषाध्यक्ष शमीमा खातून है। शमीमा ने बताया कि बचे कपड़े को जमा करने के बाद जोहरा सिलाई सेंटर में महिलाएं वस्त्र तैयार करती हैं। थान से बचा कपड़ा सस्ता में मिल जाता है। उद्योग विभाग से समन्वय बनाने वाली परचम संगठन की सचिव नसीमा खातून ने बताया कि इस समूह को पूर्ण रूप से सक्रिय करने के लिए जिला उद्योग केंद्र व राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन व जीविका के अधिकारी से मिलकर पहल की गई है।

रेडीमेड क्लस्टर का निर्माण

उद्योग महाप्रबंधक ने कहा कि महिलाएं बेहतर कर रही हैं। उनको तकनीकी व बैंक से जोड़कर सहयोग किया जाएगा। वहां पर रेडीमेड क्लस्टर का निर्माण हो, इस दिशा में पहल शुरू कर दी गई है। बताया कि यह जिले का एक माडल समूह बन जाएगा। एक विशेष समुदाय के लोगों का यह समूह जो उत्पादन करेगा, उसको बाजार दिलाने का काम विभाग करेगा। महिलाओं को स्वरोजगार से जोडऩे के लिए कई योजना चल रही। वह बैंक से समूह को जोडेंग़े, ताकि उनको आर्थिक सहायता मिले। महाप्रबंधक के साथ उद्योग प्रसार पदाधिकारी आरएस उपाध्याय, हरिश कुमार शामिल रहे।