Tue. Aug 19th, 2025

सीतामढ़ी में महिलाओं की सुविधा के लिए 75 लाख रुपए की लागत से 30 सीट वाला पिंक टॉयलेट बनाया जाएगा। यह स्वच्छ भारत मिशन के तहत है। नगर आयुक्त प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि शहर…

सीतामढ़ी। शहरी क्षेत्र में महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 75 लाख रुपए की लागत से 30 सीट वाला पिंक टॉयलेट का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्र सरकार की योजना में शामिल है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने इस निर्माण के लिए आदेश जारी करते हुए स्वीकृति राशि, मॉडल डिज़ाइन और एस्टीमेट भी उपलब्ध करा दिया है। नगर आयुक्त प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि शहर में अब तक महिलाओं के लिए पर्याप्त सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण खासकर बाजार आने वाली महिलाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

पिंक टॉयलेट के निर्माण से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और महिलाओं को साफ-सुथरी एवं सुरक्षित सुविधा उपलब्ध होगी। राष्ट्रीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में लिया गया निर्णयः विभाग के द्वारा जारी कार्य आदेश के अनुसार यह निर्णय राष्ट्रीय परामर्श दात्री समिति (एनएआरसी) की बैठक में लिया गया, जिसके तहत राज्य के छह नगर निकाय क्षेत्रों-बक्सर, जाले, सिंघवारा, कमतौल, देव और सीतामढ़ी नगर निगम के क्षेत्र में 75-75 लाख रुपए की लागत से 30 सीट वाला पिंक टॉयलेट बनाने की स्वीकृति दी गई है। जिसका निर्माण कार्य केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत दर पर किया जाएगा। जल्द निर्माण शुरु करने का आदेशः विभाग के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्य स्वीकृत मॉडल डिज़ाइन और एस्टीमेट के अनुसार किया जाएगा और नगर निगम को जारी आदेश में जल्द से जल्द निर्माण प्रक्रिया शुरु करने का निर्देश दिया गया है। पिंक टॉयलेट विशेष रूप से महिलाओं की सुविधा के लिए डिजाइन किया गया है,

जिसमें साफ-सफाई, सुरक्षा और आवश्यक आधुनिक सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। इस पहल से न केवल शहरी क्षेत्र की महिलाओं को राहत मिलेगी, बल्कि स्वच्छता मिशन को भी मजबूती मिलेगी। नगर निगम का मानना है कि यह परियोजना महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। टॉयलेट में सुरक्षा से लेकर सभी मूलभूत सुविधा होंगे उपलब्धः पिंक टॉयलेट में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, सेनेटरी वेंडिंग मशीन, साफ पानी की सुविधा, पर्याप्त रोशनी और दिव्यांगजन के लिए विशेष व्यवस्था जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इससे न केवल स्वच्छता की स्थिति में सुधार होगा, बल्कि शहर के सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की उपस्थिति और सहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में महिला-अनुकूल सुविधाओं का विकास नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है, और पिंक टॉयलेट इसका एक बड़ा उदाहरण है।

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसका लाभ रोज़ाना बाजार, सरकारी कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर आने वाली हजारों महिलाओं को मिलेगा। साथ ही शहरी विकास और महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगा। इसके अलावे महिलाओं के लिए खासकर पिंक टॉयलेट के निर्माण से शहर को एक पहचान भी मिलेगी। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखकर पिंक टॉयलेट बनाने का निर्णय लिया गया है। पूर्व में महिलाओं के लिए इस तरह की सुविधा नहीं थी। मेरा प्रयास रहेगा कि नगर निगम के हर क्षेत्र में जरूरतअनुसार पिंक टॉयलेट का निर्माण हो। रौनक जहां परवेज, मेयर, नगर निगम सीतामढ़ी।