मुजफ्फरपुर में एक लड़की ने वीडियो जारी कर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वीडियो में वो बोल रही है कि उसका अपहरण नहीं हुआ है। वो अपनी मर्जी से विजय के साथ भागी है। दोनों ने शादी भी कर ली है। माता-पिता ने झूठे केस में विजय और उसके परिवार को फंसाया है।

वीडियो को गौर से देखने पर ये साफ दिख रहा है कि लड़की किसी कागज पर पढ़कर ये सब बयान दे रही है। पुलिस वीडियो के सत्यापन में जुटी है। मामला कटरा गांव का है। लड़की के पिता ने अपहरण का केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने लड़के और उसके परिवार को हिरासत में लिया है। जिसपर लड़की ने ये वीडियो जारी किया है।

पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दीजिए…

2 साल से चल रहा था अफेयर

दरअसल, कटरा की सुधा कुमारी (20) गांव के ही विजय कुमार से पिछले दो वर्ष से प्रेम करती थी। लेकिन, लड़की को लगा कि उसके घरवाले इस रिश्ते के लिए नहीं मानेंगे। क्योंकि दोनों की जात इसमें आड़े आ जाती। यही सोचकर सुधा और विजय घर से भाग गए। इधर, युवती के पिता ने अपहरण का FIR दर्ज करा दिया। इसमें विजय उसके पिता समेत कई लोगों को आरोपी बनाया।

ये भी लिखा कि उसे बहला फुसलाकर अपहरण कर लिया और घर से सोना चांदी भी ले गयी। पुलिस ने पूछताछ के लिए विजय के दो परिजन को भी हिरासत में लिए। इसी बीच लड़की का सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर होने से मामले में नया मोड़ आ गया है। अब पुलिस इस पूरे प्रकरण का सत्यापन कर रही है।

जेवरात और रुपए लेकर भागने का आरोप

लड़की ने वीडियो पोस्ट कर इसका जवाब दिया। कहा कि वह घर से जेवरात या पैसा नहीं लेकर भागी है। उसके पिता ने झूठी कहानी बनाकर केस दर्ज कर दिया है। वह विजय से शादी कर चुकी है और काफी खुश है। उसी के साथ रहना चाहती है। वे लोग पूरी तरह निर्दोष हैं। कृपया कोई कार्रवाई नहीं कि जाए।

वीडियो में उसने SSP और DSP से भी हाथ जोड़कर विनती की है कि कोई कार्रवाई नहीं किया जाए। वीडियो को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि वह कागज पर लिखा हुआ नोट पढ़ रही है। हालांकि उसके हावभाव से पता लगता है कि वह किसी दबाव में नहीं है। अंत मे उसके चेहरे पर हल्की मुस्कान भी आती है।