उत्तर प्रदेश खासकर पूर्वांचल में रहने वाले उत्तर बिहार के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे प्रशासन ने लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद और गोरखपुर में रहने वाले उत्तर बिहार के लोगों के लिए लखनऊ जंक्शन से दरभंगा तक छठ पूजा स्पेशल एक्सप्रेस चलाने की योजना तैयार की है। यह ट्रेन छह से 14 नवंबर तक चलाई जाएगी। इस ट्रेन में सभी श्रेणी के यात्री सफर कर सकेंगे। समस्त कोच आरक्षित होंगे। कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करना अनिवार्य होगा।

दरअसल, छठ पर्व में अधिकतर पूजा स्पेशल ट्रेनें दिल्ली और पंजाब से ही चल रही हैं। कुछ ट्रेनें मुंबई, अहमदाबाद और सिकंदराबाद से संचालित हो रही हैं। उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के लोगों को इन लंबी दूरी की ट्रेनों का कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा। ऐसे में लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। दरअसल, उत्तर बिहार के नरकटियागंज, रक्सौल, घोड़सहन, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड, कमतौल और दरभंगा के लोग उत्तर प्रदेश व पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों में रहते हैं। जो पूरे वर्ष छठ का इंतजार करते हैं। इस पर्व में वह परिवार के साथ घर जाते हैं। लखनऊ से दरभंगा के बीच चलेगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 01762 लखनऊ-दरभंगा पूजा स्पेशल 06, 08, 11 एवं 13 नवंबर को अपराह्न 1 बजे बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, बढ़नी, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज और सीतामढ़ी होते हुए दूसरे दिन सुबह 04.30 बजे दरभंगा स्टेशन पहुंचेगी।

– ट्रेन संख्या 01761 दरभंगा-लखनऊ पूजा स्पेशल 07, 09, 12 एवं 14 नवंबर को सुबह 05.45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जनकपुर, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज के रास्ते अपराह्न 03.55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन आनंदनगर, बढ़नी और गोंडा होते हुए रात 10.45 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।