सीतामढ़ी में बंद कमरे से महिला का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना पुपरी थाना क्षेत्र के झझिहट रोड स्थित आनंदपुरी मोहल्ले की है। महिला की पहचान रंजीत मित्तल की पत्नी सविता देवी के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक सविता देवी का खून से लथपथ शव उसी के घर से मिला है। मृतक महिला के शरीर पर जगह-जगह धारदार हथियार से कटे का निशान है। वही महिला के दोनों हाथों की कलाई की नस कटी हुई है और महिला के पेट पर भी जख्म है।

मृतक के पति रंजीत मित्तल ने कहा कि वह अपने घर में क्रिकेट मैच देखकर बाजार चले गए थे। देर शाम जब वह अपने आवास की दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो गेट बंद था। आवाज देने पर दरवाजा नहीं खुला जिसके बाद धक्का देकर भीतर पहुंचा तो अपनी पत्नी की खून से लथपथ शव को देखा।

घटना की जानकारी मिलने पर पुपरी थाना मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने मृतक सविता के मायके वालों को भी सूचित कर दिया है। पुलिस इस घटना पर कुछ भी कहने से बच कर रही है। पुलिस ने इतना कहा कि मामला हत्या या आत्महत्या का है, दोनों एंगल से जांच-पड़ताल की जा रही है।

Team.