सीतामढ़ी शहर में नगर निगम चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने अपने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। शहर के चौक चौराहों से लेकर गलियों और घरों के बाहर प्रत्याशियों के बैनर-पोस्टर लगे हैं। शहर के मुख्य चौराहे गांधी चौक और गांधी प्रतिमा स्थल का भी यही हाल है।

शहर के दूसरे मुख्य चौराहे वीर कुंवर सिंह चौक और उनके प्रतिमा स्थल पर भी जगह-जगह प्रत्याशियों ने बैनर पोस्टर लगा रखे हैं। शहर की गलियों घरों के बाहर प्रत्याशियों ने बैनर पोस्टर लगा दिए हैं। गुरुवार की रात चकमहिला में मेयर प्रत्याशी द्वारा रात के 11 बजे तक लाउडस्पीकर लगाकर सफेद स्कोर्पियो से चुनाव प्रचार किया जा रहा था।

शहर के एक प्रत्याशी द्वारा तो डीजे बंधवा कर वाहन पर प्रचार कराया जा रहा है। लोगों के घर के बाहर जबरन होल्डिंग टांगे जा रहे हैं। घर के मालिकों से ना तो प्रत्याशी अनुमति ले रहे हैं और ना ही प्रशासन उनकी खोजबीन कर रहा है। चुनाव प्रचार में इस्तेमाल हो रहे कई वाहन बिना अनुमति के धड़ल्ले से सड़क पर दौड़ रहे हैं।

इन सब के बावजूद प्रशासन की खामोशी लोगों को रास नहीं आ रही। लोगों का कहना है कि आदर्श आचार संहिता का पालन प्रशासन नहीं करा रही है। लोग मानते है कि प्रशासन घर-घर पहरा नहीं दे सकती लेकिन शहर के मुख्य चौक चौराहों एवं बिजली के खंभों पर जिस तरह से बैनर-पोस्टर लगे हैं, उन पर तो कार्रवाई किया जा सकता है।

इस बाबत पूछे जाने पर जिला प्रशासन की ओर से डीपीआरओ कमल सिंह ने बताया कि डीएम ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया हुआ है। बैरगनिया में आधे दर्जन प्रत्याशियों पर प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। निगम क्षेत्र में भी आचार संहिता का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Team.