सीतामढ़ी में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पूर्व राज्यपाल राम दुलारी सिन्हा का जन्म शताब्दी समारोह गांधी मैदान में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए श्री रावत ने कहा कि राम दुलारी सिन्हा का कार्यक्रम अविस्मरणीय रहेगा। उनके कार्य में आम जनों के भलाई की चिंता रहती थी। बिहार के एक छोटे शहर (सीतामढ़ी) से निकलकर उन्होंने राजनीति में बड़ा मुकाम हासिल किया। यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

वहीं, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत, कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ.मदन मोहन झा, कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह धीरज के सीतामढ़ी आगमन पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मो. शम्स शाहनवाज के नेतृत्व में युवा कार्यकर्ताओं ने मेहसौल चौक पर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।

राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे जिन्दाबाद, कांग्रेस पार्टी जिन्दाबाद के गगन चुंभी नारों के बीच युवा कार्यकर्ताओं ने अपने नेताओं को फूल मालाओं से लाद दिया। कांग्रेस नेताओं ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि देश का भविष्य अब युवाओं के हाथों में है। मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों के लिए संघर्ष तेज करने की जरूरत है।

मौके पर जिला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा, वैदेही शरण यादव, मो.सैफुल्लाह, राजीव कुमार कुशवाहा, अब्दुल मन्नान, अख्तर रजा खान, तनवीर खान, रंजीत कुमार, मो.साजिद, अरविंद कुमार, दिलकश खान, विवेकानन्द राय, सुनील सिंह, जितेंद्र चौधरी, मो. सद्दाम हुसैन, मो. साबिर मोजीबुल अंसारी, दिनेश कुमार गुप्ता आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।