पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र के नोनीमल प्राथमिक स्कूल के बूथों पर हंगामे की सूचना पर पहुंचे डीएम के काफिले पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। पथराव में पकड़ीदयाल के एसडीओ रविन्द्र कुमार,डीएसपी सुनील कुमार सिंह ओर सब इंसपेक्टर अनुज कुमार सिंह सहित डीएम के सात बॉडीगार्ड जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें राजद के पूर्व विधायक शिवजी राय सहित कई लोगों को चोटें आई हैं। डीएम शीर्षत कपिल अशोक ने खुद को सुरक्षित बताया है। साथ ही कहा है कि स्थिति अब नियंत्रण में है।

डीएम कपिल अशोक ने बताया कि शाम में करीब चार बजे लोगों ने सूचना दी थी नोनीमल प्राथमिक विद्यालय के मतदान केन्द्र संख्या177,178,179 पर चुनाव की गोपनीयता भंग की जा रही है। मतदान केन्द्र के अंदर की तस्वीर ली जा रही है। ऐसी सूचना पर जिला प्रशासन की पूरी टीम संबंधित मतदान केन्द्रों पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों को देखते ही उपद्रवियों ने काफिले पर पथराव कर दिया। इसमें कई अधिकारियों ओर पुलिसकर्मियों को चोट आई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। डीएम के अनुसार स्थिति सामान्य होने के बाद उन केन्द्रों पर फिर से वोटिंग कराई गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगभग चार बजे ही बूथों पर हंगामा शुरू हो गया था। पहले से तैनात पुलिसकर्मी स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मुख्यालय को सूचना दी । सूचना पर अन्य अधिकारियों के साथ खुद डीएम भी पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार गाड़ियों का काफिला पहुंचते ही पथराव शुरू हो गया। मौके पर अफराफरी मच गई। डीएम के वाहन पर भी पथराव किया गया। कुछ देर तक अधिकारियों के काफिले को लोगों ने घेर लिया। प्रशासनिक सख्ती के बाद लोग पथराव करते हुए भागने लगे।

घायलों का सदर अस्पताल में हुआ इलाज

पथराव में पकड़ीदयाल एसडीओ कुमार रविन्द्र को पत्थर लगा है। उनके अलावा एक सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार सिंह सहित डीएम के सात बॉडीगार्ड जख्मी हो गये।  जख्मी एसडीओ समेत पुलिस दो पुलिसकर्मियों केा सदर अस्पताल में इलाज के बाद छोड़ दिया गया। वहीं जख्मी लोगों में एसआई अनुज कुमार सिंह, सिपाही उमाशंकर गुप्ता व रविकांत कुमार को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। 

पूर्व विधायक शिवजी राय के समर्थकों ने किया उपद्रव : एसपी

एसपी नवीन चन्द्र झा ने बताया कि घटना की तहकीकात की गई है। राजद के पूर्व विधायक शिवजी राय के समर्थकों ने घटना को अंजाम दिया है। उन्हीं लोगों ने पुलिस-प्रशासन के काफिल पर पथराव किया है। मामले की सघन जांच की जा रही है। उपद्रवी घर छोड़ कर फरार है। गिरफ्तारी के लिये पुलिस छापेमारी कर रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

मुझे भी लगी है चोट,मेरी संलिप्तता नहीं : शिवजी राय

राजद के पूर्व विधायक शिवजी राय ने कहा कि पूरे घटनाक्रम में न तो उनकी कोई संलिप्तता है और न ही उनके समर्थकों ने पथराव किया है। यह गलत आरोप है। लाठीचार्ज के समय वे बूथ के बाहर थे। उन्हें भी गंभीर चोट आई है।