सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर बाजार से अपनी बहन के घर मुंबई जाने के लिए निकले नाबालिग भाई-बहन रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। इनके मुंबई नहीं पहुंचने पर बहन ने जब इन दोनों की खोज की तो उसकी मां अपने दोनों बच्चों के लिए बेहाल हो गई।

रुन्नीसैदपुर बाजार निवासी स्व. सीताराम साह की पत्नी दीपमाला की 13 वर्षीया पुत्री पूजा व 15 वर्षीय पुत्र नीतीश राज करीब दो सप्ताह से लापता हैं। संभावित सभी ठिकानों पर खोजबीन कर थक-हार कर स्थानीय पुलिस से उसने अपने बच्चों की सकुशल वापसी की गुहार लगाई है।

अपने बच्चों के अपहरण की आशंका के मद्देनजर उसने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार बीते 17 अक्टूबर को मुंबई जाने के लिए दोनों भाई-बहन दिन के करीब 12 बजे अपने घर से निकले थे। उसके बाद से हीं वे लापता हैं। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस लापता बच्चों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने मां को आश्वासन दिया है।

Team.