सीतामढ़ी नगर निगम के चुनाव से भले ही राजनीतिक पार्टियों को दूर रखा गया हो लेकिन कार्यकर्ताओं के प्रत्याशी बनने पर पार्टी में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शहर में मेयर के तीन-तीन प्रत्याशी भाजपा नेता है।

मेयर प्रत्याशी विशाल कुमार नगर मंडल के अध्यक्ष रह चुके है। भारती देवी महिला मोर्चा की महामंत्री रह चुकी है। वहीं, प्रवीण कुमार चिकित्सक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक है। तीन-तीन भाजपा के नेताओं के मैदान में होने के कारण मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

सभी अपने-आप को पार्टी समर्थित होने का दावा कर रहे है। प्रत्याशी विशाल कुमार के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर भाजपा के समर्थन का दावा कर दिया जिससे भाजपा में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पार्टी की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्टीकरण दिया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ भ्रामक प्रचार चल रहा है। अतः स्पष्टीकरण देना आवश्यक हो गया है। भाजपा जिला कमेटी और जनप्रतिनिधियों की बैठक में सभी पहलुओं की समीक्षा के उपरांत किसी भी उम्मीदवार को समर्थन नहीं देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के बहुत सारे कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहे हैं। हमारे लिए सभी कार्यकर्ता बराबर हैं। हमारी शुभकामना सभी कार्यकर्ताओं के साथ है। चूंकि चुनाव दलीय आधार पर नहीं है। अतः सर्वसम्मति से निर्णय हुआ कि भाजपा किसी उम्मीदवार विशेष का समर्थन नहीं करेगी।

Team.