सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के एक गांव में एक लड़की से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने व्यक्ति को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले को लेकर पीड़ित ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में थाना क्षेत्र के कृष्ण मुरारी सिंह, उसके पिता अजय सिंह, भाई केशव मुरारी सिंह एवं उसकी मां रूपा देवी को आरोपित किया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार बीते 17 अप्रैल की देर रात पीड़िता अपने नाना-नानी के घर में सो रही थी। नाना-नानी कहीं बाहर गए थे। इसी दौरान कृष्ण मुरारी सिंह उसके घर में प्रवेश कर गया और उससे दुष्कर्म किया।

जब नाना-नानी पहुंचे तो उसने घटना की जानकारी उन्हें दी। वे सभी थाना जाने लगे। इसी दौरान कृष्ण मुरारी सिंह के पिता अजय सिंह मौके पर पहुंचे और कहा कि कल दोनों की शादी करा देंगे। अगले दिन अपने बेटे की शादी कराने से मना कर दिया। पीड़िता जब आरोपितों के घर पहुंची तो उसके साथ सभी लोगों ने मारपीट की।

इसके बाद पीड़िता थाने पहुंची। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। एसआई संध्या रानी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल जांच कराया जा रहा है। दूसरी ओर इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के भाई केशव मुरारी सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Team.