खबर छपरा से है, जहां छेड़खानी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना एकमा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां अपने जीजा के साथ बाइक से जा रही एक युवती के साथ बदमाशों ने गंदी हरकत की। आरोपियों ने जीजा के सामने ही लड़की को अश्लील वीडियो दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म की धमकी दी। जब लड़की के जीजा ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की।

बताया जा रह है कि पीड़ित लड़की एकमा थाना क्षेत्र के एक गांव से अपने जीजा के साथ बहन के ससुराल जा रही थी। इसी दौरान बीच रास्ते में दो युवकों ने गाड़ी को रोक दिया और लड़की के साथ छेड़खानी करने लगे। जब पीड़िता के जीजा ने अपराधियों की इस करतूत का विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ जमकर मारपीट की।

पीड़ित लड़की का आरोप है कि दोनों युवकों ने अपने मोबाइल फोन पर उसे अश्लील वीडियो दिखाया और दिल्ली के गैंगरेप की तरह उसके साथ वारदात को अंजाम देने की धमकी दी। इस दौरान दोनों आरोपियों ने लड़की से साथ छेड़खानी की।

इस संबंध में पीड़ित लड़की ने थाने में आवेदन देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दीपक पांडेय और विकास पांडेय के खिलाफ थाने में केस दर्ज कर लिया है और मामले के छानबीन में जुट गई है।