Site icon SITAMARHI LIVE

थाने पहुंचा बाप तो बेटी ने वायरल किया वीडियो, फिल्मी डायलॉग बोल पिता को चौंकाया

Demo picture

बिहार राजधानी पटना से इश्क के अजीबोगरीब किस्से सामने आते रहते हैं। प्यार में पागल लड़के-लड़कियां बड़े-बड़े कदम उठाने से नहीं चूकते। अब लोकलाज छोड़कर परिवार के खिलाफ जाने के किस्से भी आम होते जा रहे हैं। पटना से एक बार फिर ऐसी ही घटना सामने आई है। जानीपुर इलाके की एक लड़की को लड़का पसंद आया तो उसने घर से भागकर शादी कर ली। बेटी जब घर से गायब हुई तो पिता ने थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। लड़की को जब इसकी सूचना मिली तो उसने खुद की शादी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में वह कह रही है कि मेरा अपहरण नहीं हुआ है। मैं अपनी मर्जी से अपने पसंद के लड़के के साथ गई हूं और शादी कर ली है। आखिर प्यार किया तो डरना क्या? लड़की अब पिता पर जान का खतरा बता धमकी नहीं देने की गुजारिश कर रही है। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि लड़की अपनी मर्जी से न्यायालय में 164 का बयान देती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

दरअसल मामला शुक्रवार को पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र इलाके से सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार इसी इलाके के एक गांव की रहने वाली लड़की नौबतपुर के एक लड़के को पसंद करती थी। दोनों की मुलाकात स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। लड़की ने अपनी पसंद की जानकारी स्वजनों को भी दी थी। लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। ऐसे में लड़की और लड़के ने घर से भागकर शादी का प्लान बनाया। लड़की भागी और दोनों ने विवाह कर लिया। इसपर युवती के पिता ने जानीपुर थाने में बेटी के अपहरण का मामला दर्ज करा दिया। जानकारी होने पर युवती ने शादी करने के बाद अपने पति के साथ एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जारी किया। इसमें वह कर रही है कि मेरा अपहरण नहीं हुआ है। मैंने अपनी पसंद के लड़के से शादी की है। अब इसी के साथ जिंदगी बितानी है। लड़की वीडियो में पिता से धमकी मिलने की भी बात कह रही है। जानीपुर थानेदार उत्तम कुमार ने कहा कि दोनों बालिग हैं। लड़की न्यायालय में बयान देती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version