पश्चिम चंपारण के बगहा में प्रेमी युगल ने परिजनों के बिना मर्जी की शादी करने के बाद वीडियो जारी कर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। वायरल वीडियो में प्रेमी युगल ने बताया, ‘उन्होंने शादी कर ली है। बिना किसी के दबाव में दोनों ने अपनी मर्जी से घर से भागकर शादी की है।’ वीडियो में प्रेमी युगल कहते दिख रहे हैं कि उन पर किसी भी प्रकार का दबाव न डाला जाए नहीं तो वे कोई भी कदम उठा सकते हैं।

वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद लड़की के परिजनों ने थाने में आवेदन देकर लड़के और उसके परिवार वालों पर FIR दर्ज कराई है। FIR के आधार पर पुलिस लड़के की गिरफ्तारी और लड़की की बरामदगी में जुट गई है। नगर थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह ने बताया, ‘प्राथमिकी दर्ज की गई है। वीडियो की जांच के साथ ही प्रेमी युगल को बरामद करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।’ बता दें, प्रेमी युगल अलग-अलग धर्म के है।

अलग-अलग धर्म के हैं प्रेमी युगल

लड़की बगहा के पुअर हाउस वार्ड नंबर 35 के निवासी सफायद अंसारी की पुत्री नूरकलीमा खातून है। वीडियो में लड़की ने बताया है कि उसकी उम्र 18 वर्ष से ज्यादा हो गई है और उसने अपनी मर्जी से शादी की है। लड़के का नाम शास्त्री नगर निवासी श्याम जी यादव का पुत्र अशोक यादव है। अशोक वीडियो में बता रहा है कि हम लोग बालिग हो चुके और अपने जिंदगी का फैसला खुद कर सकते। उसने धमकी देते हुए कहा है कि अगर पुलिस परेशान करती है तो हम लोग किसी भी तरह का कदम उठा सकते।

लड़की की इस वर्ष होने वाली थी शादी

बता दें, लड़की के पिता ने बेटी की शादी तय कर ली थी। जो इसी वर्ष होनी थी। इसे लेकर सारी तैयारियां चल रही थी। लड़की को देने के लिए गहने भी खरीदे जा चुके थे, लेकिन शादी से पहले ही 18 जनवरी को लड़की घर छोड़कर भाग गई।

पड़ोसी के यहां जाता था लड़का

बताया जाता है कि लड़की के पड़ोस में ही अशोक का रिश्तेदारी है। वह अपने रिश्तेदार के यहां जाया करता था। वहीं से दोनों के बीच दोस्ती हुई। फिर दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों जीने मरने की कसमें खाने लगे। जैसे ही लड़की के परिजनों को इस बात की भनक लगी उन्होंने उसकी शादी तय कर दी थी।