सीतामढ़ी में ट्रक की ठोकर से युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया NH-22 जाम
रुन्नीसैदपुर बस पड़ाव के समीप गुरुवार की देर शाम एक सड़क हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। एनएच-22 पर तेज रफ्तार ट्रक की ठोकर से एक युवक की मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रक समेत भाग निकला। घटना से आक्रोशित लोगों ने हाइवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, रुन्नीसैदपुर बस पड़ाव के समीप गुरुवार की देर शाम तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को ठोकर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान रुन्नीसैदपुर निवासी ललन राम के पुत्र सोमन राम (25) के रूप में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इससे आक्रोशित लोगों ने एनएच-22 को जाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
