सीतामढ़ी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने यमन में हिरासत में लिए गए राकेश कुमार की शीघ्र रिहाई और सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित कराने के लिए विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखा है। सांसद ने विदेश मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
सांसद ने विदेश मंत्री को भेजे पत्र में बताया है कि सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुम्हरा विशनपुर निवासी रामविनोद सिंह के पुत्र राकेश के पास वैध यात्रा दस्तावेज होने के बावजूद यमन के अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।
राकेश ने 13 अक्टूबर को एमिरेट्स एयरलाइंस से दिल्ली से ओमान की यात्रा की थी। उनके पास पासपोर्ट सहित यात्रा से संबंधित सभी दस्तावेज उपलब्ध हैं। उन्होंने वैध पर्यटक वीजा के आधार पर कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए ओमान में प्रवेश किया था।
पत्र के अनुसार एक नियोक्ता अथवा भर्ती एजेंट ने राकेश कुमार को यमन के एक हॉस्पिटल में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। ओमान पहुंचने के बाद संबंधित नियोक्ता ने हवाई मार्ग के बजाय सड़क मार्ग से उन्हें यमन भेजने की व्यवस्था की।
सांसद ने आशंका जताई है कि राकेश की मौजूदा परेशानी नियोक्ता या भर्ती एजेंट द्वारा की गई भ्रामक यात्रा व्यवस्था का परिणाम हो सकती है। वह रोजगार पाने की उम्मीद में संबंधित व्यक्ति के निर्देशों का पालन कर रहे थे।
सांसद ने कहा है कि राकेश कुमार को लगातार हिरासत में रखे जाने से उनके परिजन चिंतित हैं। ऐसे में मानवीय आधार पर मामले में शीघ्र हस्तक्षेप किए जाने की आवश्यकता है।
सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने विदेश मंत्री से राकेश कुमार की वर्तमान स्थिति का पता लगाने तथा संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर उन्हें आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
साथ ही, उनकी जल्द से जल्द सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है। सांसद की इस पहल से राकेश कुमार के परिजनों को उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद जगी है।