सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबन्धक डिम्पी गर्ग के साथ केन्द्रीय रेलवे रेलयात्री संघ एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इण्डिया ट्रेडर्स (कैट) के तत्वाधान में जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका ने सीतामढ़ी की रेल समस्याओं को लेकर चर्चा की।
जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका एवं कैट के सचिव आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से महाप्रबन्धक डिम्पी गर्ग को यात्री सुविधाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसके पूर्व महाप्रबन्धक गर्ग जी को माता सीता के उदभव की झाँकी व मुख्य स्थानों की फोटो फ्रेम एवं अंगोछा देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर साथ में आई पूर्व मध्य रेलवे, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबन्धक इन्दु रानी दुबे एवं समस्तीपुर रेल मण्डल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। ज्ञापन में जिलाध्यक्ष श्री सुन्दरका एवं श्री आलोक ने कहा कि ट्रेन संख्या 15507 / 15508 पाटलिपुत्र मेमू इंटरसिटी एक्सप्रेस एवं ट्रेन संख्या 15515 / 15516 नरकटियागंज – दानापुर में भारी भीड़ को देखते हुए ट्रेन को एलएचबी कोच में अपग्रेड किया जाए या कोचें बढ़ाई जाए, जिसकी माँग पिछले दो वर्षों से की जा रही है।
उन्होंने कहा कि दो से तीन घण्टे लेट चल रही ट्रेन संख्या 55577 / 55578 समस्तीपुर रक्सौल पैसेन्जर समेत सभी लोकल ट्रेनें समय पर चलाई जाए। जिलाध्यक्ष श्री सुन्दरका ने जोर देकर कहा कि 15 वर्षों से निर्माणाधीन आरओबी का कार्य इस वर्ष पूरा हो, हर बरसात में वहाँ से आने जाने वाले लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ता है। सीतामढ़ी के लिए पटना से सुबह 7 बजे एवं सीतामढ़ी से पटना भाया मुजफ्फरपुर के लिए संध्या 6 व रात्रि 9 बजे ट्रेन चालू हो, लगातार 14 घंटे तक कोई ट्रेन नहीं है। सीतामढ़ी स्टेशन पर दो वर्षों से लम्बित ट्रैक तीन व चार पर क्विक ट्रेन वाटरिंग की सुविधा बहाल हो, यह लम्बी दूरी के ट्रेन के विस्तार में अवरोधक बना है।
सीतामढ़ी से मुजफ्फरपुर, दरभंगा व नरकटियागंज रेलखण्ड पर दोहरीकरण के कार्य में तेजी लाया जाए। ट्रेन संख्या 13419 / 13420 भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस एवं ट्रेन संख्या 15215 / 15216 मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज मेमू इंटरसिटी एक्सप्रेस का मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी तक विस्तार किया जाए। सीतामढ़ी के अमृत भारत स्टेशन की कार्य योजना में पूर्व की तरह सरकारी बस स्टैण्ड जंक्शन के नजदीक ही हो।
सीतामढ़ी से मोक्ष नगरी गयाजी के लिए भाया मुजफ्फरपुर – पटना नमो भारत रैपिड वातानुकूलित आधुनिक ट्रेन का प्रतिदिन परिचालन शुरू किया जाए, अभी श्राद्ध भी शुरू हो रहा है। ज्ञापन पर चर्चा के उपरान्त महाप्रबन्धक ने अपने सहयोगी पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिया। इस अवसर पर सीतामढ़ी स्टेशन अधीक्षक नीतीश्वर कुमार सिंह, वाणिज्य अधीक्षक अजय कुमार सहित अन्य वरीय रेलवे पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Team.
