गया जिले की महिला थाने में रविवार को एक शादी कराई गई। मामला गया व औरंगाबाद जिले से जुड़ा है। जहां दो युवा दिलों के मिलन के बीच कंस की तरह बीच में मामा ने भूमिका निभा डाली और दोनों युवा दिलों को पवित्र शादी के बंधन में बंधने में अड़चन डाल दी। नतीजतन पूरा मामला थाने जा पहुंचा, जहां महिला थाना अध्यक्ष रवि रंजना ने ना ही कोई एफआईआर की और ना ही कोई केस दर्ज किया। डिसीजन ऑन स्पॉट सुना दी। दोनों परिवार वालों को समझाया बुझाया और बिना कोई केस मुकदमा किये दोनों युवक और युवती की शादी थाने में ही करवा दी।

पांच साल के प्यार के बाद थाने में शादी

यह अंदाज है गया की तेजतर्रार महिला थाना अध्यक्ष रवि रंजना का । जी हां, बात कर रहे हैं बिहार के गया की। जहां पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग में फंसी लड़की को अंतिम समय लड़के वाले ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसकी सूचना लड़की पक्ष के लोगों ने गया के महिला थाना प्रभारी को दी। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़का और लड़की दोनों पक्ष के लोगों को थाने में बुलाया, जहां काफी समझाने बुझाने के बाद लड़का पक्ष के लोग शादी के लिए तैयार हो गये। महिला थाना अध्यक्षा ने विष्णुपद मंदिर में दोनों की शादी करवाई , उसके बाद महिला थाना में दोनों पक्ष के लोगों पहुंचे और लड़का ने लड़की की मांग में सिंदूर भरा और उसके बाद थाने में ही शादी की रस्में पूरी करवाई गई।

महिला थाना अध्यक्ष ने बताया कि पांच साल पुराना युवती और युवक के बीच में प्यार को शादी के रिश्ते में तब्दील कर दिया गया। अब दोनों पक्ष खुशी खुशी अपने अपने घर जा रहे हैं। दोनों के सफल दांपत्य की कामना करते हुए थाने से वर वधु को गमला में गुलाब का पौधा देकर विदाई की गई। बता दें कि पुष्पा कुमारी गया जिले रानी गंज और लड़का सुनील कुमार गया जिले कोंच थाना के रामपुर गांव का रहने वाला है।