पति के जेल जाने के बाद पत्नी को बगल के युवक से प्रेम हो गया। लेकिन जैसे ही पति जेल से बाहर आया पत्नी के रवैये ने उसके मन में कुछ शक पैदा हुआ। शक को लेकर उसने पहले तहकीकात की फिर एक खौफनाक साजिश रच डाली। प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र के निसिझा गांव के समीप दुर्गावती नदी के किनारे बीते शुक्रवार को एक युवक का शव मिला था। इस शव को लेकर पुलिस ने गुत्थी सुलझा दी है।

मृतक की पहचान रोहतास के चेनारी थाना के लांझी गांव निवासी महेन्द्र पाल के बेटे अखिलेश पाल के रूप में गई गई है। पुलिस ने जांच के बाद यह जानकारी दी है कि अखिलेश की हत्या अवैध संबंध को लेकर हुई थी। 

जांच के क्रम में पुलिस ने रविवार को इस मामले का खुलासा कर दिया। जिसमें यह मामला सामने आया कि अवैध संबंध में उक्त युवक की हत्या कर शव को नदी के पास फेंक दिया गया। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

जिसमें पूनम देवी व उसका पति राजेश राम, रामाकांत राम का पुत्र कमलेश राम, सुदर्शन राम का पुत्र मनीष कुमार व सूरज कुमार, नींबू लाल राम का पुत्र निरंजन राम शामिल हैं। उक्त सभी आरोपित रोहतास जिला के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्णपुरा गांव के निवासी हैं। इनके पास से दो मोबाइल, दो लाठी,दो क्रिकेट का विकेट, युवक का गला कसने वाला गमछा बरामद किया गया है।

रविवार को करमचट थाना में एसडीपीओ सुनीता कुमारी ने प्रेसवार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अवैध संबंध की जानकारी गुप्त तरीके से प्राप्त हुई। जिसके आधार पर पहले पूनम देवी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने संलिप्त सभी लोगों की जानकारी दी। महिला की निशानदेही पर सभी आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त लाठी, विकेट, गमछा बरामद किया गया है।

Input: Dainik jagran