सीतामढ़ी | जानकी नवमी 29 अप्रैल को हैं। इसे लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। शहर के रजत द्वार जानकी मंदिर आयोजन समिति के आमंत्रण पर नेपाल के जनकपुर क्षेत्र संख्या दो के मुख्यमंत्री सरोज कुमार यादव, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में नेपाल से साधु-संत व महंत सीतामढ़ी आएंगे।

वहीं, समिति के मुख्य संरक्षक विधान परिषद सभापति देवेशचंद्र ठाकुर ने बिहार के राज्यपाल को भी जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। हाल ही में आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक व मंदिर के महंत विनोद दास ने नेपाल के जनकपुरधाम जानकी मंदिर के महंत राम रौशन दास के अलावा वहां के मुख्यमंत्री, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, धनुषा व जनकपुर नगर निगम के मेयर, उप मेयर सहित विभिन्न मठ-मंदिरों के 150 साधु-संत व महंतों को जानकी नवमी पर आने का न्योता दिया है।

इसके लिए 51 वाहनों पर आयोजन समिति सदस्यों सहित 251 श्रद्धालु फल-फूल व वस्त्र लेकर जनकपुरधाम गए थे। आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा शिशु ने बताया कि जानकी जन्मोत्सव पर आने वाले वीआइपी अतिथियों के लिए परिसदन में ठहरने की व्यवस्था की गई है।

उधर, जानकी जन्मस्थली पुनौराधाम में तुलसीपीठाधीश्वर श्री राम भद्राचार्य जी का 23 से सात दिवसीय दिव्य श्रीराम कथा का आयोजन होगा। इसे लेकर पुनौराधाम में रंगरोगन किया जा रहा है।

राम कथा को लेकर सीता प्रेक्षा गृह सहित मंदिर की साज-सज्जा की जा रही है। स्थानीय विधायक डा. मिथिलेश कुमार की पहल पर मंदिर परिसर क्षेत्र की सड़कों को नगर निगम की ओर से दुरुस्त किया जा रहा है।