शादी का झांसा देकर एक लड़की को अगवा कर सालभर यौन शोषण किया गया। लड़की ने शादी का दबाव बनाया तो पांच लाख रुपये कैश व बाइक की मांग की गई। इसके लिए मारपीट कर उसको भगा दिया। पुलिस का कहना है कि मामला थाने पहुंचने पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

लड़की को पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज थाना क्षेत्र से अगवा कर सहियारा थाना क्षेत्र में लाया गया था। प्राथमिकी के अनुसार, बैरगनिया थाना क्षेत्र के अशोगी गांव निवासी राजा कुमार को इस मामले में आरोपित किया गया है।

पुलिस ने अपहरण के आरोपी को थाना क्षेत्र के ओरलहिया गांव से गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पीड़िता के अनुसार, नरकटियागंज थाना क्षेत्र की वह रहने वाली है तथा उसके पिता रीगा बाजार में किराये का मकान लेकर रहते हैं।

इसी मकान में पूरा परिवार साथ रहता है। उसके पिता व्यवसाय करते हैं। फेसबुक के जरिये आरोपी लड़की के संपर्क में आया। फिर शादी का झांसा देकर अगवा कर कहीं ले गया। फिर वहां से वह अपने भाई की ससुराल ओरलहिया गांव ले आया। वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया।

Team.