Site icon SITAMARHI LIVE

सीतामढ़ी में भाजपा नेता के घर डकैती, हथियार के बल पर लूटपाट

सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र में बछारपुर गांव में अज्ञात बदमाशों द्वारा भाजपा नेता के घर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना रविवार की देर रात की है। घटना को अंजाम देने 8 से 10 बदमाश आए थे। उनके हाथ में हथियार भी था जिसके बल पर उन्होंने घटना को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक भाजपा युवा मोर्चा के जिला प्रवक्ता नवीन कुशवाहा के घर में रविवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने परिजनों को बंधक बनाकर करीब 7 लाख रुपए के आभूषण समेत नगदी लूट की घटना को अंजाम दिया है।

भाजपा नेता नवीन कुशवाहा ने बताया कि उनके बड़े भाई रमेश कुशवाहा और भाभी को बदमाशों ने एक कमरे में बंद कर दिया उसके बाद डकैतों ने जमकर उत्पात मचाया और लूटपाट की।

वहीं, भाजपा नेता के बड़े भाई रमेश कुशवाहा के साथ डकैतों ने मारपीट की भी घटना को अंजाम दिया है और जाते-जाते धमकी दी कि अगर इसकी शिकायत पुलिस से करोगे तो उसका अंजाम बुरा होगा।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक हर किशोर राय, सदर एसडीपीओ रमाकांत उपाध्याय और डुमरा थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित ने 6 लाख 40 हज़ार रुपए के मूल्य के आभूषण एवं नगद की डकैती का आवेदन दिया है।

पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। एसपी के निर्देश पर जांच के लिए घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया। सदर एसडीपीओ रमाकांत उपाध्याय ने बताया कि डॉग स्क्वायड बुलाया गया है। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा और अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version