सीतामढ़ी में सोमवार को एक दर्जन डकैतों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस कप्तान के दावे की हवा उड़ गई है। गिरफ्तारी के अगले दिन ही सुबह-सुबह बाजपट्टी थाना क्षेत्र से डकैती की खबर सामने आई।

जानकारी के मुताबिक बाजपट्टी थाना क्षेत्र के बनगांव गोट में सीआईएसएफ इंस्पेक्टर के घर नकाबपोश हथियारबंद डकैतों ने घटना को अंजाम दिया। डकैतों ने 10 लाख रुपए मूल्य का गहना, जेवरात आदि लूट लिया।

गृह स्वामी के मुताबिक हथियारबंद डकैतों ने पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश किया। सीआईएसफ इंस्पेक्टर संतोष मिश्रा के भाई सुभाष मिश्रा पर पिस्टल तानते हुए चाबी मांगी। चाबी मिलने के बाद जमकर लूटपाट की। इस दौरान उनकी पत्नी बेहोश हो गई।

सोमवार की रात 2 बजे डकैत घर में घुसे और 2 घंटे तक लूटपाट करते रहे। सुबह 4 बजे पीछे के रास्ते से डकैत अपने साथ सामान ले गए। घटना को अंजाम देने के बाद डकैतों ने खाली पड़े सूटकेस आदि को घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में फेंक दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर बाजपट्टी पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।

© SITAMARHI LIVE | TEAM.