बच्चे को लेकर महिला अपने दूसरे पति को छोड़कर दिल्ली चली गयी। इसकी जानकारी मिलते ही पति ने जक्कनपुर थाने में अपहरण का केस दर्ज करवा दिया। इधर, जब पुलिस ने महिला से बात की तो उसने बताया कि वह अपनी मर्जी से दिल्ली चली गयी है। 

शिकायतकर्ता के साथ उसने दूसरी शादी वर्ष 2020 में की थी। वहीं महिला का पति भी पहले से शादीशुदा है। पति का आरोप है कि जिस बच्चे को महिला लेकर गयी है, वह उसकी पहली पत्नी से है। महिला की बात नौ जनवरी से लगातार उसके पति से हो रही है, लेकिन वह पटना आने को तैयार नहीं है। 

अब पुलिस इस मामले में महिला का बयान लेगी। उसे पटना बुलाया जायेगा। दरअसल बीते तीन जनवरी को महिला बच्चे के साथ जक्कनपुर के विग्रहपुर स्थित शृंगार दुकान जाने के नाम पर घर से निकली थी। इसके बाद वह दुकान नहीं पहुंची। पति ने जब खोजबीन की तो महिला का पता नहीं चला। 

बाद में उसके प्रेमी के साथ दिल्ली चले जाने का पता चला। महिला के पति का आरोप है कि उसके बच्चे के साथ अनहोनी हो सकती है। यह बात भी सामने आ रही है कि महिला का पहला पति दिल्ली में रहता था। संभवत: वह उसी के साथ दिल्ली में रह रही है।

INPUT : HINDUSTAN