बिहार के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों में आंशिक बादल छाने से अधिकतम तापमान में कमी आने के बाद रविवार को फिर से पारा एक दो डिग्री ऊपर चढ़ा है। बादलों की वजह से शनिवार की रात अन्य दिनों की अपेक्षा थोड़ी गर्म रही। वहीं न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी देखी गई।

मौसमविदों का कहना है कि रविवार रात से ठंड में फिर से बढ़ोतरी होगी। न्यूनतम तापमान में फिर से कमी आने से यह दो दिन पहले की स्थिति पर पहुंच जाएगा। अगले दो दिनों में उत्तरी पश्चिमी हवाओं की गति में भी बढ़ोतरी के आसार हैं, जिससे रात का पारा नीचे आएगा। रविवार को पटना में धूप खिली और मौसम पहले की अपेक्षा साफ रहा। हालांकि दक्षिण बिहार में कुछ जिलों में सुबह में मध्यम दर्जे की धुंध रही। नदियों के आसपास कोहरा लगातार बढ़ रहा है। अगले दो दिनों में राज्य के उत्तरी भाग में भी कोहरा या कुहासा थोड़ा बढ़ सकता है। हालांकि दिन साफ रहेगा और मौसम के इसी तरह शुष्क बने रहने के आसार हैं।

अभी कोहरे का रंग में आना बाकी है पर इसका आंशिक असर ट्रेनों पर दिखने लगा है। शनिवार को अप में गरीब रथ चार घंटे लेट रही। वहीं रविवार को डाउन की ट्रेनों में लेटलतीफी दिखी। लेट ट्रेनों में 01664 नई दिल्ली पूजा स्पेशल ढाई घंटे, 12328 देहरादून हावड़ा तीन घंटे और 13006 पंजाब मेल डेढ़ घंटे लेट रही।

विमान भी हो रहे लेट

रविवार को हैदराबाद की गो एयर की फ्लाइट जी 8585 दो घंटे छह मिनट लेट रही। एयर इंडिया की कोलकाता पटना एआई 732 51 मिनट लेट पहुंची। स्पाइस जेट की फ्लाइट एसजी 757 पुणे-पटना दोपहर एक बजकर 40 मिनट की बजाय आधे घंटे लेट पहुंची।