सीतामढ़ी में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी के बारे में भाजपा के ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल द्वारा किए जा रहे आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रतिनिधि सह पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मो. शम्स शाहनवाज के नेतृत्व में डुमरा मुख्यालय के भीसा चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया।

प्रदर्शनकारी राहुल गांधी का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान, भाजपा शर्म करो, नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद का नारा लगा रहे थे। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि मो. शम्स शाहनवाज ने कहा कि राहुल गांधी की लोकप्रियता से घबराई भाजपा अब ओछी हरकतों पर उतर आई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे पर देश के 140 करोड़ जनता की मजबूत आवाज राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को देश से माफी मांगना चाहिए।

शम्स ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के मुद्दे पर फेल हो चुकी भाजपा अब अनर्गल बयानबाजी कर जनता का ध्यान भटकाना चाहती है, लेकिन जनता सब जान चुकी है। 2024 में मोदी सरकार की विदाई तय है।

विरोध प्रदर्शन में वैदेही शरण यादव, मो. मकसूद, मुश्ताक सरवर, राजीव कुशवाहा, गुलाब शेख, मो.अख्तर, मो. अनवारूल, रोहित कुमार यादव, गोविंद राय, मो. संजूर, मो. अशरफ, शिवजी पासवान, तनवीर खान, मो. नेयाज, अमजद, इरफान, राम लाल पासवान, दिनेश राय, मनोज कुमार आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।