रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज मां सीता की जन्मस्थली सीतामढ़ी के पुनौरा धाम पहुंचे। राजनाथ सिंह ने पहले मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद मंदिर परिसर में ही पत्रकारों को संबोधित किया। पत्रकार उनसे बार-बार एक ही सवाल पूछते रहे कि क्या पुनौरा धाम को भी अयोध्या जैसा सम्मान मिलेगा, लेकिन रक्षा मंत्री इस सवाल को टालते रहे।

उन्होंने कहा कि यहां माता सीता के मंदिर के साथ तालाब भी है, यहां कुछ खिलेगा तो कमल का फूल ही खिलेगा। जिस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी की विश्वसनीयता बढ़ी है, देश में कोई कोना ऐसा नहीं है जहां कमल का फूल न खिले। राजनाथ सिंह ने कहा कि माता सीता की जन्मस्थली पर आकर बहुत आनंद की अनुभूति हो रही है।

30 मिनट पूजा की, 600 बुद्धिजीवियों को संबोधित किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दिल्ली से सीधे स्पेशल विमान से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से हेलीकॉप्टर के द्वारा पुनौरा धाम में बने हेलीपैड पर पहुंचे। यहां सुबह 11.35 बजे उन्हें पहले जिला पुलिस ने गार्ड ऑफ ओनर दिया।

राजनाथ सिंह ने मंदिर में करीब 30 मिनट तक पूजा की। इसके बाद करीब 1.05 बजे पुनौरा धाम के पास ही बने द्वारिका पैलेस पहुंचे। वहां करीब 30 मिनट तक जिले के 600 से अधिक बुद्धिजीवियों को संबोधित किया। यहां से दोपहर 1.40 बजे हेलीकॉप्टर से ही सीवान के लिए प्रस्थान कर गए।

अब माता सीता के जन्मभूमि के विकास की बारी

भाजपा जिला अध्यक्ष मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि जिस प्रकार अयोध्या में प्रभु श्री राम का जन्म हुआ और भव्य मंदिर बन चुका है। अब माता सीता की जन्म भूमि के विकास की बारी है। सीतामढ़ी से भी कमल निशान जतेगा और सीतामढ़ी का विकास भी होगा। केंद्रीय रक्षा मंत्री माता सीता का आशीर्वाद प्राप्त कर सीता जन्म स्थली सीता कुंड की आरती करेंगे।

INPUT : BHASKAR