भाजपा के नेता रहे रामविनय सिंह कुशवाहा ने नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर मिली हार के बाद पार्टी से त्याग पत्र दे दिया है। साथ ही उन्होंने विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष एवं हितचिंतक सदस्यता से भी त्यागपत्र दे दिया है।

इसको लेकर उन्होंने भाजपा के जिला अध्यक्ष और विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत उत्तर बिहार के अध्यक्ष को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने अपने पद त्याग का कारण व्यक्तिगत बताया है। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है।

दूरभाष पर रामविनय सिंह कुशवाहा ने बताया कि वो जल्द ही राजद में शामिल होंगे। राजद को उन्होंने अपना पुराना घर बताया है। कहा कि निगम चुनाव में उनके साथ धोखा किया गया है।

इसके बाद उनके लिए पार्टी और संगठन में बने रहना उचित नहीं था। मान-मर्यादा के साथ वो कोई समझौता नहीं कर सकते हैं। अपने समर्थक नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गहन विचार-विमर्श के बाद उन्होंने त्यागपत्र का निर्णय लिया है।

Team.