सीतामढ़ी में एक पिता ने अपनी ही बेटी की हत्या कर दी। शव को घर से दूर ले जाकर जला डाला। घर में मिले खून के धब्बों ने उसके काले करतूत का पर्दाफाश किया, जिसके बाद वारदात से गुस्साए ग्रामीणों ने उसकी जमकर धुनाई की। उसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

मामला जिले के कुशमारी पंचायत अंतर्गत उफरौलिया टोला में एक पिता ने अपनी 12 वर्षीय पुत्री की हत्या कर दी। घर में खून का धब्बा देखने और बच्ची के गायब होने की सूचना पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। उसके हाथ-पांव को रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया।

वहीं पुलिस को बुलाकर सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि फरौलिया टोला निवासी इंदल महतो को संदेह के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है,पूछताछ की जा रही है।

मामले की जानकारी होने के बाद आसपास के इलाके में भी ये बात फैल गई। बाद में घर से काफी दूर पर एक बच्ची के शव को जलाने का पता जला। जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इंदल महतो बराबर ओझा-गुनी के चक्कर में रहता था। लोगों को आशंका है कि देवी को प्रसन्न करने के लिए उसने बेटी को बलि प्रदान कर दी है। लोगों ने बताया कि उसके घर में चौकी पर खून के धब्बे दिखे थे। इसे पानी से धोया हुआ था।

आरोपी इंदल की पत्नी ने भी माना कि उसके पति को बेटियां पसंद नहीं थी। वो अक्सर उनके शादी-ब्याह को लेकर परेशान रहता था। बोलता था कि जान से मार देंगे। बता दें कि आरोपी की 3 बेटियां थी, बड़ी वाली की शादी कर दी है। छोटी बेटी को लेकर पत्नी मायके गई थी। वहीं दूसरी बेटी घर में पिता के साथ अकेली थी।