आजादी के 75वें वर्ष को अनोखे तरीके से मनाने की तैयारी की जा रही है। अब की बार हर घर तिरंगा रंग में रंगा नजर आएगा। जिसके तहत हर घर तिरंगा पहुंचाने की तैयारी जोरों पर हैं। इस कड़ी में खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से जिले के 587 राशन डिपो के लिए 71 हजार तिरंगे भिजवा दिए गए हैं। जो कि पीआर सेंटर से लिए जा सकते हैं।

कह सकते हैं कि अब की बार राशन के साथ देश की शान तिरंगा भी मिलेगा। हालांकि इसके लिए 25 रुपये शुल्क रखा गया है। डिपो से कार्डधारक व अन्य कोई भी व्यक्ति तिरंगा लेकर देश के सबसे बड़े पर्व स्वतंत्रता दिवस के जश्न में शामिल हो सकता है। प्रयास किया जा रहा है कि 15 अगस्त से पहले प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाया जाए।

सजे नजर आएंगे राशन डिपो

आजादी महोत्सव के तहत राशन डिपो तिरंगे के रंग में रंगे नजर आएंगे। वहीं, घरों पर भी तिरंगा लहरता दिखेगा। पूरा माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत होगा। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने निर्देश जारी कर दिए हैं कि कोई भी परिवार इस महोत्सव की खुशी से अछूता नहीं रहना चाहिए। महोत्सव को सफल बनाने के लिए अलग से टीमें भी मानिटनिंग करेंगी। विभाग अगस्त माह के पहले सप्ताह में सभी सर्कलों की बैठक आयोजित करेगा।

हर घर-संस्थान पर लहराएगा तिरंगा

आजादी के अमृत महोत्सव को जश्न के रूप में मनाने के लिए हर नागरिक में उत्साह है। 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिंरगा अभियान के तहत जिले के हर घर, सरकारी आवास, शिक्षण व चिकित्सा संस्थान तथा औद्योगिक इकाईयों पर तिरंगा फहराया जाने के लिए सभी प्रयासरत हैं। अभियान से हर नागरिक को जोड़ने के लिए संस्थाएं, व्यापार मंडल, रेडक्रास, नेहरू युवा केंद्र कार्यरत हैं।

तिरंगा देश शान का प्रतीक : डीएफएसओ

डीएफएसओ सुनील शर्मा ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। जिस पर हर भारतीय को गर्व है। विभाग की ओर 587 डिपो होल्डर को 71 हजार तिरंगे उपलब्ध करवा दिए गए हैं।