सीतामढ़ी में इन दिनों एक के बाद एक डकैती की घटनाएं घट रही है. पुलिस कप्तान जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर कर खानापूर्ति करने में लगे है। सुरक्षा व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। तमाम सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए हर रोज कहीं ना कहीं डकैती हो रही है।

ऐसे ही एक घटना मंगलवार की अहले सुबह हुई। डुमरा थाना क्षेत्र के पटोला गांव निवासी दीपेश मुखिया के घर करीब आधा दर्जन की संख्या में आए डकैतों ने परिजनों को बंधक बनाकर आभूषण सहित तीन लाख से अधिक रुपए की संपत्ति लूट ली। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने से पूर्व डकैतों ने आराम से बैठ कर शराब पिया।

गृह स्वामी के मुताबिक डकैतों ने खिड़की से फायरिंग की और दरवाजा खोलने को कहा। दरवाजा नहीं खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। दहशत से दरवाजा खोला तो सभी को एक कमरे में बंधक बना लिया इसके बाद लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। दीपेश मुखिया के पुत्र की 10 दिन पहले ही शादी हुई थी। पुत्रवधू को उपहार में गहना-जेवर मिला था। डकैतों ने सब कुछ लूट लिया।

घटना की जानकारी मिलने पर डुमरा थानाध्यक्ष जन्मेजय राय घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ितों से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने एसएसबी के सहयोग से खोजी कुत्तों से भी जांच करवाई। हालांकि इससे कोई सफलता हासिल नहीं हुआ। गृह स्वामी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

© SITAMARHI LIVE | TEAM.