गर्मी की तपीश से हर कोई परेशान है। जिले में विगत दो-तीन दिनों से हीटवेव जैसे हालात बन गए है। बुधवार इस महीना का सबसे गर्म दिन रहा। पिछले साल की तुलना में बुधवार का अधिकतम तापमान करीब दो डिग्री अधिक रहा। विगत वर्ष 29 मई को जिले का औसत अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री था।

वहीं, इस बार बुधवार को जिले का औसत तापमान 41.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री के करीब रहा। शहरी क्षेत्र में तापमान अधिक दर्ज किया गया। सीतामढ़ी मुख्य बाजार में तापमान करीब 42 डिग्री के करीब था। ग्रामीण क्षेत्र में तापमान 41.2 डिग्री के करीब रहा। उमस की वजह से लोगों को गर्मी का अनुभव ज्यादा हो रहा था। आलम यह था कि दोपहर में कुलर पंखे से भी गर्म हवा निकल रही थी। एसी से भी चैन नहीं था।

अगले चार-पांच दिनों तक नहीं है राहत के आसार

कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय सह प्रधान वैज्ञानिक डॉ राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि बुधवार को जिला का अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। ग्रामीण क्षेत्र की अपेक्षा शहरी क्षेत्र में तापमान अधिक रहा। जबकि पिछले वर्ष 29 मई 2023 को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब था। उन्होंने बताया की आने वाले चार-पांच दिनों राहत मिलने वाली नहीं है। तापमान में वृद्धि की संभावना है।

पेड़ के छांव में ही राहत

गर्मी की धमक ऐसी है कि पंखा-कुलर फेल होने पर लोग पेड़ के छांव की ओर रूख कर रहे है। बसवरिया चौक के पास पेड़ के नीचे बैठे श्याम महतो व पुकार महतो ने बताया कि पंखा का हवा भी गर्म लग रहा है। उससे ज्यादा आराम तो इस पेड़ के नीचे है। लोगों ने बताया कि रात में भी 2 बजे के बाद ही पंखा ठंडा हवा देती है।

INPUT : HINDUSTAN