सीतामढ़ी जिले में पछुआ हवाओं के लगातार चलने से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सुबह शाम ठंड बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। आज अहले सुबह से कड़ाके के ठंड का एहसास हो रहा है। इससे पहले सोमवार को भी लोगों की दिनचर्या में काफी बदलाव दिखा था। ठंड के कारण दिन में भी बिना गर्म कपड़ों के बाहर निकलना मुश्किल था।

बता दें कि करीब 8 किलोमीटर की रफ्तार से पछुआ हवा चल रही है। मौसम विभाग का कहना है कि जिले में अगले तीन-चार दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और ज्यादा गिरावट की संभावना है। इससे ठंड में वृद्धि होगी। पछुआ हवा से सुबह और शाम में कनकनी बढ़ सकती है। देर रात से सुबह तक घना कोहरा छाए रह सकता है।

इस संबंध में कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. रणधीर कुमार ने बताया कि जिले का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मंगलवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। सुबह में बादल छाए रहेंगे। पछुआ हवा चलने से ठंड महसूस होगी। दोपहर में आसमान साफ रहेगा और धूप भी निकलेगी।

गर्म कपड़ों की डिमांड बढ़ी

ठंड बढ़ने के साथ लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जिसको लेकर मार्केट में ऊनी कपड़ों की मांग भी काफी बढ़ गई है। लोगों ने अपने और बच्चों के लिए उन्हें कपड़ों की खरीदारी करनी शुरू कर दी है। गर्म कपड़े धड़ाधड़ निकाले जाने लगे हैं।

स्वेटर, ब्लेजर, मफलर, चादर, शॉल समेत रजाई और कंबल लोगों की जरूरत में शामिल हो गई है। दुकानदार नहीं चाहते हुए भी टाइम बदलकर सुबह 8 बजे के बाद ही बाजार पहुंच रहे हैं। सर्दी के मिजाज देखकर इलेक्ट्रिक बाजार में गीजर, इमरासन रॉड, रूम हीटर आदि की मांग बढ़ गई है।

INPUT : BHASKAR