महिंदवारा थाना क्षेत्र के महेशाफरकपुर गांव में थानाध्यक्ष अजय कुमार के ऊपर करीब एक दर्जन लोगों ने उस समय जानलेवा हमला कर दिया जब वे औराई थाना पुलिस के सहयोग में बाइक लूटकांड कांड में छापेमारी में पहुंचे थे।

थानाध्यक्ष के साथ कॉन्सटेबल अमरजीत कुमार की गर्दन मरोड़कर जान लेने की कोशिश की गई। दोनों पुलिसकर्मियों को अपराधी के भाइयों व अन्य ने मिलकर घेर लिया था। इन पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने का भी प्रयास किया गया।

हालांकि, दोनों थानों की पुलिस की तत्परता से अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कप्तान मनोज कुमार तिवारी ने इस घटना की पुष्टि की। साथ ही बताया कि पांच औराई व महिंदवारा थाना पुलिस के सहयोग से पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास में छापेमारी चल रही है।

दो अपराधियों को औराई पुलिस अपने केस में ले गई है। बाइक लूटकांड का सरगना और उसके दो भाईयों को महिंदवारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के द्वारा इस मामले को लेकर तीनों गिरफ्तार हमलावरों समेत आठ-दस अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।

महिंदवारा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि औराई थाना पुलिस के पुअनि रूपक कुमार के साथ औराई थानान्तर्गत जनार बांध के समीप काले रंग की बिना नंबर की अपाची बाइक चोरी के साथ छापेमारी में उमेश कुमार पिता नवल राय बरहेता महिंदवारा तथा राजेश कुमार उर्फ शोभित पिता राजेंद्र राय, बरहेता को पकड़ा गया।

पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि हम लोग विजय कुमार उर्फ गैंबलर के साथ मिलकर रेकी कर चौक-चौराहों पर बाइक लूटपाट करते हैं। 21 वर्षीय गैंबलर महेशाफरकरपुर के वार्ड -4 निवासी रामशरण राय का पुत्र है। इसी सूचना के बाद गैंबलर की धर-पकड़ के लिए उसके घर को पुलिस ने चारों तरफ से घेरा।

घेराबंदी के बाद गैंबलर निकलकर भागने की कोशिश करने लगा, उसको दोनों थानों की पुलिस ने पकड़ लिया। तभी गैंबलर को छुड़ाने के लिए उसके दो भाई नीरज कुमार, राहुल कुमार एवं आठ-दस अज्ञात लोग ने पुलिस टीम को घेर लिया। गाली-गलौच करते हुए जानलेवा हमला किया। लाठी-डंडा और राड से प्रहार कर दिया।

गैंबलर को छुड़ाने का काफी प्रयास किया। इसके लिए हमलोगों का हथियार भी छीनने का प्रयास किया गया। गैंबलर ने सिपाही अमरजीत कुमार को जान से मारने की नीयत से उनकी गर्दन पकड़कर दबाने लगा, जिससे वे घिघि‍याने लगे।

गैंबलर का भाई नीरज कुमार पीछे से आकर महिंदवारा थानाध्यक्ष की गर्दन दबा बैठा। यह देखकर पुलिस बल ने उसको अपने चंगुल में ले लिया। महिंदवारा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि इस मामले में उनके खुद के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

INPUT : JAGRAN