सीतामढ़ी नगर थाना क्षेत्र के बरियारपुर फोर लेन स्थित होटल आम्रपाली के कमरे से संदिग्ध अवस्था में एक शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान परिहार के सहरगामा निवासी विनय कुमार बिहारी के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार को विनय बिहारी ने होटल में कमरा बुक किया था। गुरुवार की सुबह 10:00 बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। काफी आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुलने पर इसकी सूचना बथनाहा थाना को दी गई।

पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। अंदर रूम के फर्श पर विनय बिहारी का शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल जांच कराने की बताई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीपीओ रमाकांत उपाध्याय पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूछताछ की। पुलिस को होटल के सीसीटीवी खराब मिला। होटल संचालक ने बताया कि बीते एक महीने से होटल का सीसीटीवी खराब है।

बताया जा रहा है कि विनय कुमार बिहारी का भिट्ठामोड़ में कपड़े की दुकान है। इसके अलावा प्रॉपर्टी की खरीद बिक्री भी करते हैं। राजनीतिक गलियारों में भी उनकी खासी पहचान है। सूचना मिलने पर पूर्व विधायक सुनील कुमार कुशवाहा भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।

© SITAMARHI LIVE | TEAM.