जिले में दिनों दिन मौसम में ठंड व कनकनी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को पछुआ हवा में कमी से सुबह में धुंध की कमी रही, जिसके कारण लोग चौक चौराहों में नजर आ रहे थे। दिन चढ़ने के साथ ही धुंध से आसमान व सड़क पूर्णरूप से साफ हो गया।

हालांकि सूर्य की रोशनी में गर्मी की कमी देखी गई, जिससे दिनभर मीठी धूप बनी रही। इस दौरान दोपहर में भी हवा में कनकनी का अनुभव होता रहा है। शाम ढलने के साथ ही पुनः ठंड व कनकनी का प्रकोप बढ़ गया। मौसम वैज्ञानिक रंधीर कुमार ने बताया कि पछुआ हवा के प्रभाव से कमी के आसार हैं, जिससे तापमान में सुधार की संभावना है।

अधिकतम तापमान भी 18 से 20 डिग्री तक ही रहेगा। बताया कि मौसम साफ रहेगा तथा इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। सुबह के समय वायुमंडल का सापेक्षित आद्रता प्रतिशत 90 व शाम के समय 25 प्रतिशत तक रहेगा। मौसम शुष्क होगा।

धुंध की स्थिति बनी रहेगी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि इस मौसम में आम के पेड़ की मिलीबग का प्रकोप बढ़ जाता है। मिलीबग के बच्चे जमीन से निकलकर आम के तने पर चढ़ना शुरू कर देते हैं, जो बाद में आम के पेड़ के साथ ही मंजर, टिकोला व फलों को हानि पहुंचाते हैं।

मिलीबग से आम के पेड़ की सुरक्षा के लिए किसानों को आम के पेड़ को 0.5 मीटर की ऊंचाई पर तने के चारों तरफ 25 से 30 सेमी चौड़ी अल्काथीन की पट्टी लपेटना चाहिए। इसके साथ ही तने के आसपास की मिट्टी की खुदाई करनी चाहिए। इससे मिलीबग के अंड नष्ट होते हैं।

INPUT : BHASKAR