सीतामढ़ी से सटे पड़ोसी राष्ट्र नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र में तेज बारिश के कारण शुक्रवार को परिहार प्रखंड के रास्ते बहने वाली हरदी नदी उफना गई। इसके कारण बारा, बंसवरिया, लहुरिया आदि गांव के सरेह में चारों तरफ पानी फैल गया है। बाढ़ का पानी लहुरिया बाजार तक पहुंच गया है।

परवाहा- लालबंदी पथ में लहुरिया बाजार के समीप सड़क पर एक से डेढ़ फीट पानी का बहाव हो रहा है। इससे आवागमन में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अचानक गांव में बाढ़ का पानी आ जाने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

उल्लेखनीय है कि इस मानसून हरदी नदी पहली बार उफनाई है। यहां बता दें कि वर्षा के अभाव में धान की रोपनी नहीं हो पा रही है। यहां तक की धान रोपनी के लिए लगाए गए बिचड़े खराब होने की कगार पर है। बहुत ही कम लोगों ने पंपिंग सेट से खेत को पटवन करा धान की रोपनी कराया था।

इस बाढ़ के आ जाने से उस फसल के नष्ट होने का भी संकट गहरा गया है। बाढ़ के कारण लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आपको बता दें कि लहुरिया गांव में हरदी नदी तीन-चार वर्षों से अपना रौद्र रूप दिखाती है।

इस संदर्भ में बाढ़ से घिरे लहुरिया गांव के ग्रामीण मो. अहमद, मो. आरजू, विजय कुमार आदि ने बताया कि बाढ़ का पानी फैलने लगा है। बाढ़ से घिरे होने के कारण बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नदी का पानी पूरे सरेह में फैल चुका है। इस बार भी जमकर तांडव मचा रही है हरदी नदी । नदी के जलस्तर में वृद्धि से काफी कठिनाई हो रही है।

INPUT : HINDUSTAN